शनिवार, 31 दिसंबर 2022

कविता

 



हे पिता !

त्रिलोक सिंह ठकुरेला

हे पिता ! आप साकार देव, बरसाते रहे नेह धारा ।

 

कर सृजन किया पालन पोषण

पग पग पर मेरे दुख टारे,

हे ब्रह्मा, विष्णु, सदाशिव हे,

मेंटे जीवन के अँधियारे,

जिसने निर्देशित किया मार्ग हे पिता ! आप वह ध्रुव तारा ।

 

बल, बुद्धि, ज्ञान, श्रम, कौशल से

सम्पदा आपने की अर्जित,

अपने सपनों को भूल, भूल

सब न्यौछावर की मेरे हित,

जितना भी वैभव खड़ा किया सब कुछ मेरे ऊपर वारा ।

 

संभव ही नहीं कि गिन पाऊँ

हे पिता ! अमित उपकारों को,

बस कृपा आपकी रही सदा

सह पाया मैं भव- भारों को,

हे पिता ! आपसे क्या तुलना हो अगर तुला पर जग सारा ।



 

त्रिलोक सिंह ठकुरेला

आबूरोड (राजस्थान)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

मई 2026, अंक 71

    शब्द-सृष्टि मई  2026,  अंक 7 1 आलेख – भारतीय मनीषा के साकार विग्रह-पं० विद्यानिवास मिश्र – शशिबिन्दुनारायण मिश्र गीत – 1. सूर्य भी कहने ...