दीपावली
– ‘घर वापसी का पर्व’!
डॉ.
पूर्वा शर्मा
‘दीपावली’
– टिमटिमाते-जगमगाते दीपों की रोशनी से आलोकित पर्व। भगवान
श्री राम के ‘घर वापसी का उत्सव’। लेकिन यह महज भगवान राम के अयोध्या वापसी का पर्व
नहीं, आज के इस आधुनिक दौर में यह उन सभी मनुष्यों के घर वापसी का पर्व है जो अपने
घर-परिवार से आजीविका के चलते कहीं दूर जा बसे हैं; इतना ही नहीं यह उनके लिए भी घर
वापसी का पर्व है जो शारीरिक रूप से तो अपने घर-आँगन में बैठे है लेकिन न जाने कितनी
ईर्ष्या-बैर-मनमुटाव-अज्ञान-असत्य के मैल की परत दर परत मन में जमाये-चढ़ाएँ हुए हैं।
यह पर्व उन सभी के लिए घर वापसी का पर्व है जो अपने मन की, अपने चित्त की सफाई कर एवं
सभी नकारात्मक विचारों-भावों को दूर कर, सभी को क्षमा कर और सबसे जरूरी अपने आप को
क्षमा करके पुनः अपनों के बीच लौट सके, स्थापित हो सके। घर केवल सीमेंट-रेती से बनी
दीवारें-छत नहीं, यह तो एक ऐसी जगह है जहाँ अपनों का साथ हो। अपनों के बिना तो बड़ा
महल भी म्यूजियम की भाँति ही लगने लगता है जहाँ दिखते तो अनेक लोग है लेकिन कहने को
अपना कोई नहीं। मकान को घर बनाने के लिए अपनों का होना जरूरी है। उन अपनों के साथ होने
और उनके साथ आनंद के क्षण जीने के लिए घर वापसी आवश्यक है।
घर
वापसी सिर्फ शरीरिक रूप से नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी आवश्यक है। घर की साज-सजावट
के रूप में मिट्टी के दीयों अथवा कृत्रिम बल्बों-झालरों आदि से घर-आँगन में चकाचौंध
कर देना ही महज दीपावली नहीं, दीप जलाना या बिजली से रोशनी करना यानी अपने भीतर की
ज्योत को प्रज्वलित करना। इस माटी के दीये रूपी शरीर में ज्ञान के प्रकाश की ज्योत
को जलाना और उसे कायम जलते रहने देने में इसकी सार्थकता है। बस यही है – ‘तमसो मा
ज्योतिर्गमय’ एवं ‘अप्प दीपो भव’ के मायने। सिर्फ शाब्दिक रूप से ‘दीपावली की शुभकामनाएँ’
अथवा ‘Happy
Diwali’ न कहकर उसके भाव एवं अर्थ के साथ जुड़कर अपने और अपनों के जीवन
को आलोकित करें-आल्हादित करें।
इस
दीपावली सिर्फ घर न लौटे बल्कि अपने मन-चित्त की सफाई कर उसे हर तरह से चमकाएँ- आलोकित
करें-जगमग करें और फिर असल मायने में इस ‘घर वापसी के पर्व’ का आनंद लें।
अंततः
‘शब्दसृष्टि’ परिवार की ओर से आप सभी को दीपावली की - ‘घर वापसी’ की अशेष शुभकामनाएँ
!!
पुनः
स्थापित
स्वयं
में आलोकित
‘घर वापसी’।
***
डॉ. पूर्वा शर्मा
वडोदरा

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें