सब लोग नहीं कवि होते हैं
रवीन्द्रेश्वर
मिश्र ‘सुधी’
‘सब लोग नहीं कवि होते हैं’। ये कविता बड़ी है पर इसकी चार पँक्तियाँ ही इस समय याद
आ रही हैं। “सब लोग नहीं कवि होते हैं / कितना भी हो चेतनाभास / हो बुद्धि और
विद्या विकास / तारे कभी न रवि होते हैं / सब लोग नहीं कवि होते हैं।” पं०
गणेशदत्त मिश्र ‘मदनेश’ की
इस कविता ने मुझे बचपन से ही गहरे तक प्रभावित किया है। इस तरह की तमाम कविताओं से
हिन्दी साहित्य की महफिल को सुशोभित करने वाले थे कविवर मदनेश जी। कुछ इसी तरह का
भाव सुविख्यात शायर फ़िराक़ गोरखपुरी की शायरी में भी मिलता है –
“हर साज से होती नहीं ये धुन पैदा।
बड़ी मुश्किल से होता है ये गुन पैदा।”
मदनेश जी हिन्दी,
संस्कृत और उर्दू तीनों भाषाओं के प्रकाण्ड पंडित और
बहुत अच्छे कवि थे। उनका मध्यम कद, सुंदर सुडौल शरीर पर धोती- कुर्ता -जैकेट- टोपी का
परिधान और हाथ में छड़ी लेकर चलने से उनकी शोभा देखते ही बनती थी। मदनेश जी की
काव्यप्रतिभा और असाधारण व्यक्तित्व का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि
रामाधार त्रिपाठी ‘जीवन’, धरीक्षण
मिश्र,
मोती बी० ए०, तारकेश्वर बाजपेई, विश्वविश्रुत विद्वान् पं० विद्यानिवास मिश्र, देश के
जाने-माने साहित्यकार डॉ रामदरश मिश्र और कुछ बाद में प्रभाकरधर द्विवेदी आदि
शुरूआती दिनों में मदनेश जी के यहाँ मार्गदर्शन के लिए आते रहते थे। वे सभी अन्त
तक मदनेश जी के प्रति कृतज्ञ रहे।
मदनेश जी के तीन पुत्रों में
सबसे छोटे सुपुत्र स्वर्गीय तारकेश्वर मिश्र का मैं तृतीय पुत्र हूँ। मदनेश जी
मेरे पितामह (बाबा) थे। उनका मुझे करीब 20-22 वर्षों का सानिध्य और आशीर्वाद मिला है। मदनेश जी ने ही
मेरा नामकरण रवीन्द्रेश्वर किया था और और दो उपनाम भी रखे थे -सुधी और सुग्गा।
बाबा मदनेश जी, जगदीश
भइया और महेंद्र भइया मुझे घर पर अपने जीवन के अन्तिम दिनों तक सुधी नाम से ही
बुलाते रहे। जगदीश भइया बिशुनपुरा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-दो में मेरे गुरु
भी रहे। मेरी माँ इंद्राणी देवी के अलावा दो बड़ी माताएँ कमला देवी और सुमित्रा
देवी तथा फूला फुआ सहित अन्य फुआ लोग और गिरिजा दीदी मुझे हमेशा सुग्गा कहकर स्नेह
देती थी। पितामह मदनेश जी ने मेरे द्वारा बचपन में बहुत धीरे- धीरे भोजन करने के
नाते मेरा नाम सुग्गा रख दिया था और गम्भीर होकर उनकी बातें सुनने के कारण
उन्होंने एक उपनाम सुधी भी रखा। मेरे खेत-खलिहान और गाँव-घर पर ये दोनों नाम ही
हमेशा प्रचलित रहे। बाबा मदनेश जी ने घर में लगभग सब का कोई न कोई सार्थक उपनाम
रखा था। जैसे मुझसे बड़े राजेन्द्र भइया का उपनाम सुलक्षण (सुलक्षन) रखा था,
साथ ही बाबा ने मेरे सगे छोटे भाई त्रिदशेन्द्र का उपनाम
सफर रखा था, त्रिदशेन्द्र
को आज भी सभी लोग सफर नाम से ही जानते हैं। शशिबिन्दु जी की जन्मकुंडली में
न्यायप्रियता का भाव देखकर उनका उपनाम मुंसिफ या मुसंफ रखा,
उनका यही नाम गाँव- घर और रिश्ते-नाते में आज भी चलन में
है। शशिबिन्दु जी के अन्य दो सगे छोटे भाइयों क्रमशः कौस्तुभ नारायण का उपनाम मणी
या मणि, सुयश नारायण का उपनाम निकेत और कंदर्प नारायण का उपनाम कल्याण रखा
था। मदनेश जी के विपुल साहित्य से मैं
काफी प्रभावित रहता था। पर पारिवारिक झंझटों और विसंगतियों के कारण मैं मदनेश जी
और उनके साहित्य के बारे में कुछ भी नहीं कर सका। इसका मुझे आज भी बहुत पश्चाताप
रहता है। इधर मैंने देखा है कि मेरे सुयोग्य भतीजे श्री शशिबिन्दु नारायण मिश्र-
जो मेरे बड़े पिता (दादा जी) स्वर्गीय रामानुज मिश्र के ज्येष्ठ सुपुत्र स्वर्गीय
जगदीश नारायण मिश्र के ज्येष्ठ सुपुत्र हैं तथा लेखन कर्म से भी जुड़े हैं-- ने
मदनेश जी और मदनेश जी के साहित्य पर पर काफी काम किया है और लगातार कर रहे हैं।
शशिबिन्दु नारायण मिश्र ने बचपन से ही अपने जीवन का ध्येय और कुछ नहीं,
अपितु केवल साहित्य को बनाया है। पूरे परिवार में
शशिबिन्दु जी को पितामह मदनेश जी का वास्तव में साहित्यिक उत्तराधिकारी माना जा
सकता है। शशिबिन्दु जी के मदनेश जी पर हाल
में चार ऑर्टिकल हिन्दी की महत्त्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में पढ़ने को मिले हैं। ‘शहरनामा गोरखपुर : नये पृष्ठ,
नये संदर्भ’ (तृतीय संस्करण) में शशिबिन्दु जी का मदनेश जी पर एक बड़ा
अच्छा आलेख छपा है। उसे पढ़ा तो मैंने भी मदनेश जी पर लिखने की कोशिश की है। इसके
अलावा ‘संपर्क भाषा भारती’, ‘शब्दिता’, ‘पतहर’, और ‘शब्द-सृष्टि’ आदि पत्र- पत्रिकाओं में भी मदनेश जी के समग्र
व्यक्तित्व- कृतित्व और रचनात्मक अवदान पर शशिबिन्दु जी के बेहतरीन संस्मरणात्मक
निबन्ध पढ़ने को मिले हैं। मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई है कि प्रियवर शशिबिन्दु जी ने
पितामह मदनेश जी को पुनः साहित्यिक जीवन दे दिया है। शशिबिन्दु जी के पास मदनेश जी
की कविताएँ तो नहीं थीं, पर उन्होंने दौड़-धूप कर तमाम पुरानी पत्र-पत्रिकाओं से वर्षों की कड़ी
मेहनत कर कुछ कविताएँ इकट्ठी की हैं और लगातार उन पर काम कर रहे हैं। मुझे भी
मदनेश जी की कुछ कविताएँ कण्ठस्थ थीं और उन्हें सुलभ करा दी हैं। ‘गोरखपुर शहरनामा’ तृतीय संस्करण के शख्सीयत कालम में मदनेश जी पर आलेख
पढ़कर मैंने भी अपनी अनुभूतियों को सार्थक शब्द देने की एक छोटी-सी कोशिश की है और
पहली बार ढलती उम्र में कुछ लिखने की हिम्मत जुटाई है,
जो आप सबके सामने है। ‘सब लोग नहीं कवि होते हैं’ कविता से पता चलता है कि मदनेश जी साहित्य को लेकर कितने
गम्भीर,
ईमानदार व समर्पित हैं और जीवन पर्यन्त साहित्य को लेकर
उनकी कितनी बड़ी साधना चल रही थी। आजादी के बाद क्षेत्र के सम्भ्रांत लोगों की
उपस्थिति में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था। शिक्षा और चिकित्सा की समाज को
सर्वाधिक आवश्यकता थी। बैठकी में मनस्वी लोग क्षेत्र में शिक्षा और शिक्षालय की
बात कर रहे थे। गजपुर निवासी ‘तन्दुल’ खण्डकाव्य के रचयिता कविवर रामाधार त्रिपाठी ‘जीवन’ जी भी उक्त अवसर पर मदनेश जी के यहाँ पधारे थे,
वे अक्सर मदनेश जी के पास आते-जाते रहते थे। जीवन जी ने
कहा --”बच्चों में ऐसा नालेज हो।” तो मदनेश जी के मुख से निकला --”हाई से इण्टर
कॉलेज हो।” जीवन जी ने कहा -”आधा का हो, पूरा का हो।” इस पर मदनेश जी ने कहा -”स्कूल बिशुनपुरा
का हो।” हिन्दी अञ्चल में वह युग साहित्य
में समस्यापूर्तियों का था। जिसकी अगुवाई उन्नाव जिले के गयाप्रसाद शुक्ल ‘सनेही’ कर रहे थे। मदनेश जी का सनेही जी से बड़ा अच्छा सम्बन्ध
था।
क्षेत्र के त्यागशील लोगों के
सहयोग से विद्यालय खोलने के लिए ‘जनता विद्या विकास समिति, बाढ़ पीड़ित क्षेत्र बिशुनपुरा गोरखपुर की स्थापना हुई।
जिसकी कार्यकारिणी के सर्वसम्मति से संस्थापक अध्यक्ष पं० गणेश दत्त मिश्र ‘मदनेश’ को चुना गया। उसी समिति द्वारा आज भी स्वावलम्बी इण्टर
कॉलेज बिशुनपुरा, गोरखपुर संचालित किया जाता है। मदनेश जी ने 10 वर्षों तक अध्यक्ष पद पर कार्य करने के बाद समिति में
तनातनी को देखते हुए स्वेच्छा से पद त्याग कर दिया था। वे किसी भी तरह के विवाद से
कोसों दूर रहते थे। कमेटी में संघर्ष बढ़ता जा रहा था। काफी बाद के दिनों में पुनः
जीवन जी,
मदनेश जी के यहाँ पधारे थे। रात्रि विश्राम किया। महफिल
जमी। उस विद्यालय को ही लेकर कविता का दौर शुरू हो गया। कविता का एक चरण जीवन जी
तो दूसरा चरण मदनेश जी पूरा करते। एक दृश्य देखें --
‘मेम्बर आपस में लड़ते हैं। -मदनेश,
‘हर बात-बात में अड़ते हैं।’
-जीवन,
‘कुछ भी न पढ़ाई होती है।’ -मदनेश,
‘बच्चों की टोली रोती है।’ -जीवन,
‘हम फीस व्यर्थ में भरते हैं।’
-मदनेश,
‘घर वाले जीते-मरते हैं।’ -जीवन ।
इस तरह की अनेकानेक
कविताओं के द्वारा समाज की यथार्थता का चित्रांकन करते हुए वे जनमानस का मनोरंजन
भी किया करते थे। मदनेश जी बहुत ही मृदुभाषी और जिंदादिल इंसान थे। उनका ऐसा
चुम्बकीय व्यक्तित्व था कि एक बार उनसे मिलने वाला व्यक्ति उनका हो जाता था। उनके
भीतर परोपकार, त्याग
और दाता भाव कूट-कूट कर भरा हुआ था। मदनेश जी ने बहुतों को अपनी जमीन में बसाया भी
है। उन्होंने कुलपुरोहित, नाई और धोबी आदि को जमीन दान में दी थी। समाज में उनका उच्च कोटि का स्थान
था। समाज उनके सहयोग का सदैव ऋणी रहेगा। मदनेश जी अपने गाँव,
क्षेत्र, जवार की समस्यायों को भी सरकार तक पहुँचाने में किसी
प्रकार की कोर-कसर नहीं छोड़ते थे। इस संदर्भ में मदनेश जी के अनेकानेक रचनात्मक
कार्य सुनने को मिलते हैं। विकास खण्ड (ब्लाक) जो आज ब्रह्मपुर नाम से है और नयी
बाजार में स्थापित है। वह पहले बिशुनपुरा में ही स्थापित होने वाला था। उसके लिए
मदनेश जी ने क्षेत्र के कुछ सम्भ्रांत लोगों की टीम बनाकर शासन से काफ़ी लिखा-पढ़ी
की थी। इसके लिए वे कुछ लोगों को लेकर उत्तरप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पं०
गोविन्द बल्लभ पन्त के यहाँ लखनऊ गये थे और 1952 में बरही स्टेट के सहयोग से प्रदेश के पहले सिंचाई
मंत्री पं० कमलापति त्रिपाठी जी को रानापार में बुलवाया भी था और बहुत बड़ा
कार्यक्रम हुआ था। बरही स्टेट और क्षेत्रीय प्रबुद्ध नागरिकों ने उस पूरे आयोजन का
मदनेश जी को ही स्वागताध्यक्ष बनाया था। अत्यन्त जीर्ण-शीर्ण अवस्था में एक कागजात
मिला है। जो मदनेश जी की हस्तलिपि में शासन को प्रेषित है। उसमें ब्लाक निर्माण के
निमित्त शासन द्वारा 52000/ बावन हजार रूपये के अनुदान से ब्लाक कार्यालय बिशुनपुरा
में बनने के आदेश की बात है। पत्र में आगे के वाक्य हू-ब-हू प्रस्तुत हैं ---”ऐसी
दशा में सरकार के सामने ऐसे प्रश्न उपस्थित होंगे, जिसे स्वयं सरकार को भी झुकना होगा। और ब्लाक कार्यालय
पूर्व जनमत के निर्णयानुसार बिशुनपुरा में ही निर्माण करना होगा,
जो बहुमत से तय पा चुका है।” (पत्र द्रष्टव्य है) 👍

यह सब चल ही रहा था कि
मदनेश जी के ऊपर कई तरह के वज्रपात हुए। बड़े पुत्र रामरसिक मिश्र का युवा अवस्था
में असामयिक निधन हो गया। उसके कुछ समय बाद मदनेश जी के योग्यतम द्वितीय पुत्र
रामानुज मिश्र युवा अवस्था में ही दिमाग से विक्षिप्त हो गये-जो स्थल सेना में
अफसर थे और छह महीने बाद मदनेश जी की पत्नी अर्थात् मेरी दादी जी का निधन हो गया।
ज़रा सोचिए इतने झंझावातों के बीच मदनेश जी ने अपने को कैसे सम्हाला होगा। उसके
बाद से ही मदनेश जी का सारा रचनात्मक कार्य बहुत दिनों तक स्थगित ही रह गया। इन
सारे झंझावातों के बीच कोई साहित्य का प्रकाशन कैसे करा पाता। उसी दौरान मदनेश जी
द्वारा एक ‘विभव’
नामक खण्डकाव्य रचा गया था,
जिसे प्रकाशन या टाइप कराने के लिए तारकेश्वर बाजपेई नाम
के कोई कवि ले गये थे। वह भी उन्हीं के पास रह गया। खैर,
मदनेश जी के एक और रचनात्मक अवदान की चर्चा
अपेक्षित है। उसी दौर में राप्ती-गोर्रा
दोआब में दो नाले बहते थे--”मदना नाला’ और दूसरा ‘रनहा नाला’। इन नालों की वजह से हर साल बाढ़ आती थी। जिससे राप्ती-
गोर्रा दोआब कछार के पचासों गाँव बाढ़ से तबाह हो जाते थे। उस समय इण्टर कॉलेज
बिशुनपुरा गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह जी
आये हुए थे। मदनेश जी ने उनके सामने ही मंच पर एक नारा बुलंद किया था --”मदना --
रहना नहीं बना, तो
क्या सरकार हमारी है?” पुराने लोग मेरे गाँव रानापार शब्द की उत्पत्ति रनहा नाले से भी मानते रहे
हैं,
लेकिन पितामह मदनेश जी का एक सटीक तर्क -रानापार के मूल
में रणपाल है। मदनेश जी के न रहने से समाज और साहित्य की अपूरणीय क्षति हुई। अफसोस
है कि हम सब उनके विपुल साहित्य को सहेज नहीं सके। अतिशय सघन स्मृतियों के धनी
भतीजे शशिबिन्दु नारायण मिश्र जी द्वारा पिछली दस पीढ़ियों से लेकर वर्तमान पीढ़ी
तक एक वंशावली तैयार की गयी है, पूरे कुल के लिए यह बहुत बड़ा काम हो गया है। शशिबिन्दु
जी बचपन और युवावस्था से ही पितामह मदनेश जी से, बड़ी माँ कमला देवी और अपने पिता जी स्वर्गीय जगदीश
नारायण मिश्र जी से पारिवारिक इतिहास सम्बन्धी सूचनाएँ एकत्र करते रहते रहे हैं।
उनकी इस सावधानी ने बड़ा काम किया है। मदनेश जी के साहित्य को लेकर भी वे निरन्तर
श्रमसाध्य कार्य कर रहे हैं। उन्हें हृदय से धन्यवाद। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें।

रवीन्द्रेश्वर मिश्र ‘सुधी’
रानापार, बिशुनपुरा
गोरखपुर, पिनकोड –273405