शनिवार, 7 नवंबर 2026

परामर्शक [प्रो. हसमुख परमार] की ओर से....


प्रस्तुत अंक : दीपोत्सवी भेंट...

प्रो. हसमुख परमार

फिलहाल फेस्टिवल के मूड और माहौल में उत्सवी उमंग-उत्साह तथा तत्संबंधी विविध आयोजनों के साथ वैचारिक व्यायाम के अंतर्गत भारतीय दर्शन की दो महत्वपूर्ण अवधारणाएँ याद आ रही हैं – एक – संसरति इति संसारः तथा दूसरी – समय की चक्रीय गति [cyclic nature of time]  संसार, समय और जीवन की गति और सच्चाई को बताती ये दोनों उक्तियाँ- विचारोक्तियाँ भारतीय जीवन दृष्टि और बौद्धिक चेतना के एक महत्त्वपूर्ण पहलू को समझाती हैं ।  संसरति इति संसारः  – संस्कृत की यह उक्ति संसार शब्द का व्युत्पत्तिपरक अर्थ बताते हुए संसार को परिभाषित कर रही है – जो निरंतर सरकता है, बदलता है, जो बढ़ता रहे, जो गतिमान रहे वह संसार । अर्थात् गति करना, बहना, चलना, बदलना, मिटना और बनना ही संसार का मूल स्वभाव है और बुनियादी पहचान । दार्शनिक दृष्टि से एक ओर जहाँ यह सिद्धांत संसार की क्षणभंगुरता-अस्थिरता-अनित्यता को संकेतित करता है वहाँ दूसरी ओर परिस्थितियों के परिवर्तन, जीवन की गतिशीलता तथा मनुष्य की कर्मण्यता व सफलता को लेकर एक सकारात्मक व मूल्यपरक संदेश को भी बताता है । “ यह विचार बताता है-सिखाता है कि यह दुनिया, यह संसार बदलाव का ही दूसरा नाम है । सिद्धांत रूप में यह जगत की अनित्यता- क्षणभंगुरता को दर्शाता है तो व्यावहारिक रूप में यह हमें हर परिस्थिति में संतुलित रहने और जीवनप्रवाह में आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है ।”

Linear time vs cyclic time - रैखिक समय बनाम चक्रीय समय

मतलब- समय एक सीधी रेखा में आगे बढ़ता है, और इससे अलग दृष्टि जिसमें कहा गया कि समय एक वृत्त या चक्र की तरह घूमता है । विशेषतः आधुनिक पश्चिमी दृष्टिकोण जिसमें समय की गति एक सीधी रेखा-भूतकाल से भविष्य की ओर, जबकि भारतीय दर्शन व दृष्टिकोण में समय की गति चक्रीय-चक्राकार । एक कालचक्र जो घूमता रहता है । समय की इस चक्रीय गति को हम मुख्यतः प्रकृति, जीवन, खगोल जैसे संदर्भों में स्पष्ट देख सकते हैं । कालचक्र, युगचक्र, ऋतुचक्र, जीवनचक्र आदि ।

उपरोक्त दोनों मान्यताओं के चिंतन, दर्शन व संदेश के कई पहलुओं की हम हमारे उत्सवों-त्योहारों के संदर्भ में भी अच्छी खासी चर्चा कर सकते हैं । असल में हमारे त्योहार उक्त दोनों मान्यताओं के साथ बहुत गहरा संबंध रखते हैं । हम जानते हैं, अनुभव करते हैं कि समय की और जीवन की गति में त्योहार ऐसे पडाव हैं, ऐसे अवसर हैं, जो हमारे मन को, विचारों को ओर हमारे व्यवहार में रंग भरते हैं, जीवन को संगीत से भरते है, जीवन को एक अर्थ देते हैं । नयी उर्जा- नये उत्साह और जीवन को एक नया रूप-रंग देने वाले त्यौहार हमें यह संदेश देते हैं कि बदलाव ही जीव है और बदलाव ही जीवन की खूबसूरती है । प्रकृति में परिवर्तन त्यौहार का आधार है, आगाज है, आह्वान है । दीपावली का समय यानी प्रकृति में भी एक बडे़ बदलाव का समय । संसार गतिशील है,  जीवन गतिशील है, अब हमारी गति कैसी होनी चाहिए ?  किस दिशा में होनी चाहिए ? दीपावली जैसा त्योहार भी हमें अच्छी तरह मार्गदर्शित करता है । यह बताता है कि हमारी गति  ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ - अंधेरे से उजाले की ओर, अज्ञान   और असत्य से ज्ञान और सत्य की ओर । दीपमालिका बताती है कि अंधकार स्थायी नहीं, ठीक उसी तरह निराशा, दुख, अज्ञान  के घने बादल भी छँटते ही हैं । संसार की नश्वरता में,  जीवन की क्षणभंगुरता में, परिवर्तित समय व स्थिति में हमारे भीतर एक ‘अखंड चेतना’ या  ‘आत्मा की ज्योति को प्रकट करना और उसे बनाये रखना । जिसके लिए संघर्ष भी करना पडेगा । हिन्दी के मूर्धन्य चिंतक व लेखक पं. हजारीप्रसाद द्विवेदी के शब्दों में - “दीवाली आकर कह जाती है कि अंधकार से जूझने का संकल्प ही सही यथार्थ है । मृगमरीचिका में मत भटको । अंधकार की सैकड़ों परत हैं । उससे जूझना ही मनुष्य का मनुष्यत्व है । जूझने का संकल्प ही महादेवता है । उसी को प्रत्यक्ष करने की क्रिया को लक्ष्मी की पूजा कहते हैं ।” दरअसल मनुष्य जीवन में अज्ञान, असत्य, कुत्सित वृत्तियों-विकारों के ‘अंधकार’ तथा ज्ञान, सत्य, सद् वृत्तियों के ‘प्रकाश’ दोनों रहते हैं, ‘प्रकाश’ के लिए लडना पडता है, जूझना पड़ता है, और संकल्प व साहस से ‘अंधकार’ को दूर किया जा सकता है ।

संसार की और जीवन की प्रवाहिता के सिद्धांत की भाँति समय की चक्रीय गति का सिद्धांत भी त्योहारों के साथ बहुत गहराई से जुड़ा है । “ वास्तव में भारतीय संस्कृति और दुनियाभर की पारंपरिक संस्कृतियों में त्योहारों की रुपरेखा ही समय के इसी चक्रीय स्वरूप पर आधारित है ।” दीवाली का त्योहार तो इसका सबसे बड़ा प्रमाण है । जीवन के चक्रीय गतिमान  रूप में दीपावली इस बात को बताती है कि हर वर्ष अपनी निश्चित तिथि पर इसका जिस तरह आगमन वैसे ही अंधकार के पश्चात प्रकाश का आना भी निश्चित ।

इस बात में कोई दोराय नहीं कि हमारे तमाम पर्वों-त्योहारों में दीपोत्सव का महत्व व उत्साह कुछ ज्यादा ही रहा है । दीपों की रोशनी का, घर-आँगन की सफाई-शोभा-सजावट का, आतीशबाजी करने का, नये वर्ष [ विशेष रूप से पश्चिम भारत-गुजरात में विक्रम संवत की शुरुआत तथा व्यापारिक बही खाते को लेकर ] के स्वागत, अभिवादन व आह्वान की तैयारी के इस त्यौहार का महत्व सिर्फ यहाँ तक नहीं है । असल में दीपावली का महत्व केवल उसके बाहरी रूप व कुछ स्थूल विधि-विधान व कार्य तक ही सीमित नहीं है अपितु यह त्यौहार हमारी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण दर्शन है, जीवनपयोगी तत्वज्ञान भी है । हमारी आत्मा के, आंतरिक चेतना के तथा ज्ञान-आत्मज्ञान के प्रतीक के रूप में दीपक को, उसके प्रकाश को और उसके कर्म को देखना ।  अज्ञान और अंधकार पर ज्ञान और प्रकाश की विजय, आत्म निरीक्षण- स्व की पहचान, शुद्ध-बुद्ध आत्मा, त्याग, कृतज्ञता, नैतिक व आदर्शवादी मूल्य, आध्यात्मिकता, आशावादी-सकारात्मक दृष्टिकोण, एकत्व और समानता, प्रकाश-ज्ञान व सत्य की सत्ता का महत्व जैसे बिंदुओं को हम दीपावली से जुड़े दर्शन व तत्वज्ञान के संबंध में देख सकते हैं ।

शब्दसृष्टि का प्रस्तुत अंक ठीक दीपावली के अवसर पर प्रकाशित हो रहा है । अंक में प्रकाशित अधिकांश सामग्री इस प्रकाश पर्व के प्रकाश की महत्ता व इसके गहरे अर्थ व मर्म को व्यक्त कर रही है ।  दीपमालिका का प्रकाश तथा साहित्य के शब्दों की ज्योति से सभी का जीवन प्रकाशमान हो ! इसी शुभेच्छा के साथ ... 


प्रो.हसमुख परमार

स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग

सरदार पटेल विश्वविद्यालय

वल्लभ विद्यानगर

[आणंद] गुजरात

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नवंबर 2026, अंक 77

  शब्द-सृष्टि नवंबर 2026, अंक 77 परामर्शक [प्रो. हसमुख परमार] की ओर से.... – प्रस्तुत अंक : दीपोत्सवी भेंट... संपादकीय – दीपावली – ‘घर वाप...