।। जहाँ राम है वहीं दीवाली।।
दुष्यंत कुमार व्यास
सजी हुई है आज अयोध्या उजियारे का रूप भरे।
चंदा छुपा हुआ कोने में, लज्जित मन में चुभन करे।।
दिये सजाए हैं थाली में,
खुशबू की
बरसात हुई ।
ऐसी
छनकी रस की गगरी,
सुरभित सारी शाम हुई।
बेर-सिंघाड़े
मिश्री-बरफी, पूजा में नैवेध धरे।
कमल पुष्प से सुरभित डलिया,ले हाथों में प्राण धरे।।
हर देहरी पर दीप धरा है,
कोने-कोने
उजियारा।
हँसी आँख
से यूँ छलके है,
जैसे कोई ध्रुव तारा।
आनंदित आनन है सबका, एक पिपासा नयन भरे।
राम आ रहे वापस घर में, दर्द सभी के दूर करे।।
राम पधारेंगे आँगन में,
अवध निवासी
सोच करें।
कष्ट
हरेंगे ताप मिटेंगे,
थोड़ा मन में धीर धरें।
मंगल शहनाई गूँजी है, तुरही थोड़ी साँस भरे।
चरण पादुका ले दौड़े हैं, नहीं भरत अब धीर धरे।।
सजी अयोध्या दुल्हन जैसी,
गली-गली में
दीप धरे।
जहाँ
राम है वहीं दीवाली,
मन में सबके भाव भरे।
सिया सहित लौटे हैं रघुवर, हनुमत जय-जयकार करे।
माता के आँसू छलके है, लगा हिया से प्यार करे।।
************
दुष्यंत कुमार व्यास
सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्राध्यापक गणित
525 - कस्तूरबा नगर
शिव-हनुमान मंदिर के सामने
रतलाम - मध्यप्रदेश


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें