शनिवार, 7 नवंबर 2026

नवगीत



दीप जलाएँ

डॉ. शिवजी श्रीवास्तव

 

आओ साथी

मिलकर हम सब

दीप जलाएँ,

 

आशंकाएँ तैर रही हैं

समय विकट है

आज मनुजता पर लगता

गहरा संकट है

सहमे सहमे /डरे डरे से

लोग खड़े है

मौसम ने भी अनायास

तेवर बदले हैं

झंझावाती आँधी की

भीषण बेला मे

आओ साथी

हम मधुऋतु के गीत सुनाएँ

 

हर गवाक्ष पर एक दीप

जब मुस्काएगा

कैसा भी हो घना तिमिर

छँट ही जाएगा

मायावी वृत्तियाँ स्वयम

भय से भागेंगी

वेद ऋचाएँ हर आँगन में

फिर जागेंगी

हर ड्यौढ़ी में खुशियों की

फूटें फुलझड़ियाँ

हम सब मिलकर

यूँ प्रकाश का पर्व मनाएँ

-----------------



डॉ. शिवजी श्रीवास्तव

विक्रम 301,गृहप्रवेश

सेक्टर 77,नोएडा (उ. प्र)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नवंबर 2026, अंक 77

  शब्द-सृष्टि नवंबर 2026, अंक 77 परामर्शक [प्रो. हसमुख परमार] की ओर से.... – प्रस्तुत अंक : दीपोत्सवी भेंट... संपादकीय – दीपावली – ‘घर वाप...