धनत्रयोदशी-
दीपावली- भैयादूज
शशिबिन्दु
नारायण मिश्र
कार्तिक महीने में तीन पर्वों की ये युति चमत्कृत करती है। इस पर्व में नर-नारियाँ, वृद्ध-वृद्धाएँ, युवा- युवतियाँ, बाल गोपाल सभी आस्थापूर्वक भागीदार बनते हैं। धनत्रयोदशी को आञ्चलिक भाषा में धनतेरस भी कहा जाता है। भोजपुरी में एक कहावत है --‘तेरसि को हेरसि।’ बचपन में यह कथन बहुधा अपने कुल के कुल- पुरोहित पं० अवधेश उपाध्याय जी से सुनने को मिलता था। अवधेश उपाध्याय जी अच्छे कर्मकाण्डी थे, वास्तव में सज्जन पुरुष और उनका व्यक्तित्व निर्लोभता से युक्त था। धनतेरस वर्ष का अतिविशिष्ट शुभमुहूर्त माना जाता है। इस तिथि को कोई भी शुभ कार्य वर्जित नहीं होता है। इस दिन हर शुभ और विशेष कार्य प्रसन्नतापूर्वक किया जाना चाहिए। धनत्रयोदशी अर्थात् धनतेरस पर्व कार्तिक कृष्ण पक्ष की तेरहवीं तिथि को पड़ता है और कार्तिक कृष्ण पक्ष की अन्तिम तिथि अर्थात् अमावस्या (अमौसा) को दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जाता है। दीपावली का सम्बन्ध राम से है, क्योंकि राम निराशा में आशा जगाते हैं। अँधेरे में प्रकाश फैलाते हैं। राम द्वारा आश्विनशुक्लपक्ष दशमी (विजयादशमी) को आसुरी सत्ताओं पर विजय प्राप्ति के पश्चात् प्रसन्नता में हम लोग दीप- प्रज्ज्वलन प्रतिवर्ष कार्तिक कृष्ण पक्ष अमावस्या को करते हैं। 14 वर्षों की निराशा रूपी अँधेरे में आशा रूपी प्रकाश बनकर श्रीराम अयोध्या पहुँचे थे। उसी के लिए प्रतीक रूप में हम सबने प्रसन्नतापूर्वक आशा रूपी दीप जलाया था। आशा ही जीवन है। वही अँधेरे में प्रकाश है। धनतेरस और दीपावली धन- ऐश्वर्य की देवी लक्ष्मी को नीतिपूर्वक पाने का पर्व है। अभिप्राय यह कि आसुरी सत्ताओं के दलन के बाद ही सात्त्विक भाव से लक्ष्मी का आगमन होता है। आसुर भाव तो अपने मन के भीतर भी होता है, जिसे दलन करने के बाद ही हम लोग प्रतिष्ठापूर्वक लक्ष्मी की प्राप्ति करते हैं। यही दीपावली की सार्थकता है, दीपावली शुभ और लाभ तभी होती है। लाभ के पहले शुभ है, किसी भी लाभ की महत्ता उसकी शुभता से ही है। तमस से ज्योति की ओर ले जाने वाला कोई आधार तो होना ही चाहिए। बगैर आसुरी भाव के दलन के सात्त्विक भाव से लक्ष्मी या ऐश्वर्य की प्राप्ति असम्भव है। आसुरी भाव को दमन किये बिना धन व्यक्ति को उल्लू बना देता है। धन की देवी लक्ष्मी की उपासना, सद्बुद्धि के देवता गणेश के साथ ही करना श्रेयस्कर होता है। क्योंकि बिना सद्बुद्धि के व्यक्ति उल्लू ही रहता है। आजकल देखा जा सकता है कि अनेक तरह की वैज्ञानिक उन्नति और आधुनिक सोच के बावजूद समाज के हर क्षेत्र में धनपशुओं और उल्लुओं की बाढ़- सी आ गयी है। अर्थोपार्जन- लाभार्जन- धनार्जन ज्ञानमय प्रकाश से प्रेरित हो, तब बात बने, तब समाज में शान्ति और सुव्यवस्था आये। दीपावली पर्व का हमारे लिए संदेश यही है कि धन कमाने के चक्कर में हम सब धनपशु या उल्लू कदापि न बनें। लक्ष्मी सात्त्विक भाव से ही उन्नति का सहारा बनती हैं। संस्कृत में कहा गया है --
“अन्यायोपार्जितंवित्तं दशवर्षाणितिष्ठति।
प्राप्तेचैकादशेवर्षेसमूलं
तद्विनश्यति।।”
जहाँ पर सात्त्विकता व निष्ठा का आदर होता
है और उल्लुओं या मूर्खों या धनपशुओं की पूजा नहीं होती है,
सुमति रहती है, वहाँ लक्ष्मी बिना किसी
अनुष्ठान के स्वयं चलकर आती हैं। लक्ष्मी (अर्थ, धन) को माँ
समझकर अपने जीवन को विकसित बनाने का पर्व है दीपावली। देवी सूक्तम् में आदिशक्ति
को लक्ष्मी और माँ स्वरूपा भी माना गया है --
“या देवी सर्वभूतेषु लक्ष्मीरूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै-
नमस्तस्यै- नमस्तस्यै नमो नमः।।” और
“या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता।” भी कहा गया है।
आचार्य
पं० श्रीराम शर्मा कहते हैं -”जीवन का हर पल एक उज्ज्वल भविष्य की सम्भावना लेकर
आता है,
बस हमें दीपक बनकर अपने साथ ही दूसरों के जीवन में प्रकाश लाना
चाहिए। ताकि हम अपने आपको जला सकें, दूसरों को रोशनी देने के
लिए।”
वृहदारण्यकोपनिषद
और ईशावास्योपनिषद में जब ईश्वर से प्रार्थना करते हुए मन्त्रद्रष्टा ऋषि कहता है
--”तमसो ज्योतिर्गमय।” तो उसका निहितार्थ यही है। पूरा मन्त्र है --”असतो मा
सद्गमय,
तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्मामृतं गमय।” यही बात महात्मा बुद्ध भी कहते हैं --”अत्त
दीपो भव, अत्त सरणो भव, धम्म दीपो भव,
धम्म सरणो भव।” अर्थात् हे प्रभु ! हमें असत्य से सत्य की ओर,
अन्धकार से प्रकाश की ओर और मृत्यु से अमरता की ओर ले चलें।
दीपमालिका
पर्व का हमारे लिए संदेश यह है कि जलती दीपकों की पंक्ति हमें भी अपने जीवन में
ज्ञान रूपी ज्योति को प्रज्ज्वलित करने का संदेश देती है। दीप पर्व आर्थिक क्षेत्र
में अपनी बुराइयों को छोड़कर अच्छाइयोंं को ग्रहण करने का भी है। धन कमाने के
चक्कर में धनपशु या उल्लू कदापि न बनें। इस पर्व के अवसर पर हम सभी जीवन में न्याय
और ईमानदारी से धनोपार्जन करने व आर्थिक रूप से सन्तुलन बनाये रखने का संकल्प ले
सकते हैं और अपनी आत्मा के विकास के साथ मानवता का विकास करने में सहयोगी बन सकते
हैं। आत्मकल्याण के लिए हमें स्वयं ही आत्मदीप बनना चाहिए। यह पर्व ज्ञान रूपी
प्रकाश को आत्मसात करने का है।
दीपावली के तुरंत बाद ही यानी कार्तिक शुक्ल
पक्ष द्वितीया तिथि को भाई-बहन के पावन स्नेह को समर्पित भाई-दूज (भैयादूज) का
पर्व मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया या भातृ द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन
बहनें,भाई का तिलक और आरती कर उनकी दीर्घायु एवं मंगल की कामना करती हैं। ऐसी
मान्यता है कि बहनें, भाई की अकाल मृत्यु से छुटकारा दिलाने
के लिए इस पूजा के बहाने यमराज को प्रसन्न करती हैं। इस पर्व का मत्स्यपुराण में
विस्तार से वर्णन मिलता है।
आप सबसे हम एक विशेष बात और करना चाहते हैं।
वह दीपावली पर्व पर एक भयंकर व्याकरणिक अशुद्धि को लेकर है। सोशल- मीडिया पर
दीपोत्सव के लिए काफी पढ़े- लिखे लोग भी, जिनमें
अच्छे- अच्छे अध्यापक और साहित्यकार कहे जाने वाले लोग होते हैं। वे ‘दीया’ (दीप) के लिए ‘दिया’
शब्द का प्रयोग करते हुए देखे जाते हैं। ‘दिया’
(Gave away - सकर्मक क्रिया -Transitive verb) है। जबकि यह दीप पर्व के संदर्भ में सरासर अनुचित / अशुद्ध है। माना कि
किसी भी शब्द या वाक्य का कथ्य / लक्ष्यार्थ महत्वपूर्ण होता है, लेकिन प्रसंग का तिरस्कार कर अर्थ का अनर्थ करने का अधिकार किसी को भी
नहीं है। हिन्दी क्षेत्र में बोझ बने ऐसे अध्यापकों तथा कवियों- लेखकों को क्या
कहा जाए?
दीया ✓ (सं.🪔
Lamplight
) = मिट्टी का वह अत्यन्त लघु पात्र, जिसमें
अँधेरे को दूर करने के लिए तेल रखकर बत्ती जलाते हैं। ज्योति पर्व के संदर्भ में
इसी ‘दीया’ को लिखा जाना चाहिए,
पर लोग लिखते हैं ‘दिया’।
तमाम परिचितों ने अपने - अपने फेसबुक टाइमलाइन पर पिछले कई वर्षों से ‘दीया’ की जगह ‘दिया’ लिखा है और वो अपने को बड़ा साहित्यकार हैं या विद्वान् अध्यापक मानते
हैं। वे हड़बड़ी में लिखते हैं या न जानकारी में, ईश्वर ही
जानें? मैंने बहुत बार इस ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया है,
पर उन सबकी गैरजिम्मेदारी पर कुछ कहने लायक नहीं है। ज्योति पर्व
(दीपावली) पर आप सभी के लिए हार्दिक बधाई एवं साभिवादन शुभकामना।
शशिबिन्दुनारायण
मिश्र
रानापार,
बिशुनपुरा,
गोरखपुर
- उत्तरप्रदेश
पिनकोड
–273405


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें