शनिवार, 7 नवंबर 2026

आलेख



1.

दीप पर्व का आरंभ है

समृद्धि का पर्व धनतेरस

डॉ. घनश्याम बादल

(आम मान्यता है कि इस दिन कुबेर अपने खजाने खोल देते हैं और अपनी पूजा करने वाले भक्तों पर जमकर कृपा करते हैं।)

आज के युग में धन से ही जीवन में रस है और शायद इस युक्ति को मानते हुए ‘धन ते रस’ यानी यानी ‘धनतेरस’ का पर्व मनाया जाता है कहते हैं इस पर्व को मनाने से जीवन में धन की वर्षा होती है। इस वर्ष  धनतेरस 5 नवंबर को है

धनतेरस पर लक्ष्मी पूजा त्रयोदशी तिथि के दौरान प्रदोष काल में करने का विधान है।

धनतेरस पर सर्वार्थ सिद्धि योग अच्छा माना जाता  है। पंचाग के अनुसार अनुसार इस योग में शुभ कार्य करने पर उसमें  सफलता हासिल होती है सर्वार्थ सिद्धि योग को शुभ माना गया है क्योंकि इसमें सभी सिद्धियों का वास होता है। सर्वार्थ सिद्धि योग पर राहुकाल का भी असर नहीं होता और खरीदारी करना शुभ फल देने वाला होता है।  धनतेरस को धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवताओं के वैद्य भगवान धन्वंतरि का जन्म हुआ था।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार समुद्र मंथन के समय भगवान धन्वंतरि त्रियोदशी तिथि को हाथों में अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे।

कुबेर की पूजा के पीछे तीन प्रमुख मान्यताएँ हैं: धन की सुरक्षा: धन अर्जित करना जितना महत्वपूर्ण है, उसका संरक्षण और सदुपयोग भी उतना ही आवश्यक है। कुबेर को धन का संरक्षक माना गया है।

 

समृद्धि की कामना: लक्ष्मी से धन की प्राप्ति और कुबेर से उसकी स्थिरता तथा सुरक्षा की कामना की जाती है।

धन का सदुपयोग: धार्मिक दृष्टि से धन केवल संग्रह करने की वस्तु नहीं, बल्कि लोककल्याण, दान और जरूरतमंदों की सहायता का साधन भी है।

कुबेर पूजा मंत्र

भगवान कुबेर की पूजा करते समय इस मंत्र का जाप किया जाता है:

ॐ यक्षाय कुबेराय वैश्रवणाय धनधान्याधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा।

एक सरल मंत्र भी प्रचलित है:

ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं श्रीं क्लीं वित्तेश्वराय नमः।

एक आध्यात्मिक संदेश

धनतेरस पर कुबेर की पूजा का अर्थ केवल अधिक धन पाने की कामना करना नहीं है। इसका वास्तविक संदेश यह भी है कि मनुष्य धन कमाए, उसे सुरक्षित रखे, अनावश्यक अपव्यय से बचे और उसका उपयोग परिवार, समाज तथा जरूरतमंदों के कल्याण में करे।

लक्ष्मी धन देती हैं और कुबेर उसके संरक्षण का प्रतीक हैं। लेकिन धन को सार्थकता मनुष्य के विवेक, परिश्रम और सदुपयोग से ही मिलती है।

क्या खरीदना है शुभ

धनतेरस पर सोना-चाँदी, आभूषण और बर्तन की खरीदारी करना बहुत ही शुभ माना गया है। धनतेरस पर खरीदी गई चीजों में तेरह गुने की वृद्धि होती है, इसके अलावा झाड़ू और धनिए के बीज की भी खरीदारी करते हैं।हिंदू धर्म में झाड़ू का संबंध मां लक्ष्मी से माना जाता है, इसलिए धनतेरस के दिन घर में नई झाड़ू लाना भी अच्छा माना जाता है। इस धनतेरस पर यदि आप सोना चाँदी नहीं खरीद पा रहे हैं तो झाड़ू जरूर खरीद कर लाएँ।

पीतल के बर्तन भी शुभ

धनतेरस के दिन पीतल धातु खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे आपके घर में सुख-समृद्धि आती है। कहा जाता है कि जब समुद्र मंथन से धन्वंतरि देव प्रकट हुए थे, तो उनके हाथों में अमृत कलश था। धार्मिक मान्यता है कि ये कलश पीतल की धातु का था, इसलिए पीतल धन्वंतरि देव की धातु मानी गई है।

दीया ज़रूर जलाएँ

धनतेरस पाँच पर्वों की दिवाली श्रंखला  का पहला पर्व होता है। धनतेरस की शाम को घर के मुख्य दरवाजे और आंगन में दीये जलाए जाते हैं। अतः आप भी धनतेरस पर घर के द्वार पर कच्चे पक्के दिए जलाना न भूलें कच्चे दिए आटे के और पक्के दिए मिट्टी के होते हैं।

पौराणिक मान्यताएँ

पौराणिक मान्यता के अनुसार धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि,भगवान कुबेर के साथ माता लक्ष्मी की पूजा होती है। धनतेरस के दिन लक्ष्मी चालीसा, कुबेर यंत्र और कुबेर स्रोत का पाठ करने से धन के स्वामी भगवान कुबेर और माता लक्ष्मी प्रसन्न होती है।

लोककथा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हीमा नाम का एक बेहद लोकप्रिय राजा था। ज्योतिषाचार्य ने राजा की कुंडली देखकर बताया कि राजा की मृत्यु एक सर्प के काटने से होगी। भविष्यवाणी सुनकर राजा की पत्नी बहुत भयभीत हो गई और अपने पति के प्राणों की रक्षा के लिए उन्होंने अपने सभी सोने व चांदी के आभूषण, एक बर्तन में रखकर कमरे की दहलीज पर रख दिया और उसके पास तेल का दीपक जला दिया। मृत्यु के देवता यम रात्रि में सर्प का रूप धारण कर राजा के प्राणों को हरने के लिए आएँ। चमकते गहने और दीए की रोशनी से सर्प अंधा हो गया और कमरे के भीतर प्रवेश न कर सका। गहनों की चमक के कारण सर्प, राजा को काटे बगैर वापस लौट गया। इस तरह अपनी बुद्धिमत्ता और साहस से रानी ने राजा के प्राणों बाकी रक्षा कर ली थी ।

*** 

2.

दीपावली : आस्था की लौ में सत् की उजास

दीपावली पर अमावस्या की  रात को मनुष्य अपने घरों में असंख्य दीप जलाकर उजाले का पर्व बनाकर एक तरह से प्रकृति को चुनौती देता है। यह भारतीय संस्कृति की ऐसी अनूठी विशेषता को सामने लाता है जो अंधकार को कोसने के बजाय दीप जलाने की परंपरा लेकर आता है यही दीपावली का सबसे बड़ा दर्शन है । दीपावली का पर्व बताता है कि परिस्थितियां चाहे जितनी प्रतिकूल हों, मनुष्य को अपने हिस्से का प्रकाश पैदा करने का प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए।

चौदह वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने और रावण पर विजय प्राप्त कर राम जब अयोध्या पहुँचे तो नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया। इस घटना का महत्व केवल इसलिए नहीं है कि एक मर्यादावान व जनप्रिय राजकुमार अपने राज्य में लौटा था। महत्वपूर्ण यह है कि उनके साथ उस आदर्श की वापसी हुई थी जिसमें सत्ता से ऊपर मर्यादा, बल से ऊपर न्याय और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर लोकहित था। राम की विजय का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होता है जब समाज में कमजोर सुरक्षित हों, शासक उत्तरदायी हों और न्याय किसी की कृपा का मोहताज न हो। इस दृष्टि से दीपावली आज भी रामराज्य के आदर्शों को परखने का अवसर देती है।

श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध की कथा भी दीपोत्सव की परंपरा से जुड़ी है। इस आख्यान में एक अत्याचारी के अंत के साथ भय और उत्पीड़न से मुक्ति का भाव निहित है। जैन परंपरा में भगवान महावीर के निर्वाण का संबंध दीपावली से है। वहाँ दीप का अर्थ आत्मज्ञान और मुक्ति की अनुभूति है। इन कथाओं को एक साथ देखें तो स्पष्ट होता है कि दीपावली किसी एक धार्मिक प्रसंग तक सीमित नहीं है। यह अन्याय से मुक्ति, आत्मिक जागरण और जीवन में शुभता की स्थापना का व्यापक उत्सव है।

दीपावली के धार्मिक अनुष्ठानों में लक्ष्मी और गणेश का संयुक्त पूजन विशेष अर्थ रखता है। समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी के प्रकट होने की पौराणिक कथा समृद्धि की प्राप्ति का प्रतीक है। लक्ष्मी को धन और ऐश्वर्य की देवी कहा गया है, लेकिन समृद्धि की आध्यात्मिक अवधारणा केवल धन के संचय से पूरी नहीं होती। स्वस्थ शरीर, संतुष्ट मन, परिवार में प्रेम, आजीविका के साधन और दूसरों के प्रति उदारता भी जीवन की संपदा हैं। जिस व्यक्ति के पास अकूत धन है, लेकिन चैन की नींद नहीं, संबंधों में विश्वास नहीं और किसी जरूरतमंद के लिए संवेदना नहीं, क्या उसे वास्तव में समृद्ध कहा जा सकता है?

दीपावली पूजन में लक्ष्मी के साथ गणेश की उपस्थिति इंगित करती है कि गणेश बुद्धि, विवेक और शुभारंभ के प्रतीक हैं। लक्ष्मी संसाधन उपलब्ध कराती हैं तो गणेश उन संसाधनों के सही इस्तेमाल की प्रेरणा देते हैं। धन कमाने की क्षमता महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे किस उद्देश्य के लिए और  किस तरीके से अर्जित किया गया है यह भी महत्वपूर्ण है। बुद्धि से रहित संपन्नता अहंकार पैदा कर सकती है और विवेक से जुड़ी संपन्नता समाज के लिए अवसरों का निर्माण कर सकती है। इसीलिए लक्ष्मी-गणेश का पूजन केवल धन प्राप्ति की कामना नहीं, बल्कि धन और सद्बुद्धि के संतुलन का आध्यात्मिक संदेश भी है।

दीपावली का सबसे जीवंत प्रतीक है मिट्टी का दीपक। मिट्टी, तेल, बाती और अग्नि के मेल से तैयार यह छोटा-सा प्रकाश स्रोत हमें बहुत कुछ सिखाता है। वह अपनी मिट्टी से अलग नहीं होता, सीमित साधनों में अपना काम करता है और आसपास के अंधकार को दूर करने में वैसा ही योगदान देता है जैसा राम सेतु बनाने में गिलहरी का योगदान था। उसकी लौ का आकार छोटा हो सकता है, लेकिन उसके उद्देश्य की सार्थकता छोटी नहीं होती। मनुष्य भी अपने सामर्थ्य के अनुसार किसी दूसरे के जीवन में प्रकाश पहुँचा सकता है। किसी निराश व्यक्ति को हौंसला देना, किसी अशिक्षित बच्चे को पढ़ाना या किसी असहाय का हाथ थामना भी एक दीप जलाने जैसा ही है।

आज दीप पर्व के सामने पर्यावरण संरक्षण की  कठिन चुनौती भी है। पटाखों से निकलने वाला धुआं, तेज आवाज, प्लास्टिक और अन्य सजावटी कचरा तथा पशु-पक्षियों को होने वाली परेशानी उत्सव के आनंद पर प्रश्न उठाते हैं। जिस हवा में हम सांस लेते हैं, जिस जल से जीवन चलता है और जिस धरती पर हमारे पर्व मनाए जाते हैं, उसकी उपेक्षा करके हम कैसी समृद्धि का उत्सव मना रहे हैं?

दीपावली का अर्थ प्रकृति को असुविधा में डालकर कृत्रिम चमक पैदा करना नहीं हो सकता। मिट्टी के दीये, पुनः उपयोग योग्य सजावट, प्राकृतिक रंगों की रंगोली और आतिशबाजी में ग्रीन पटाखे जलाकर और आत्मसंयम अपनाकर हम परंपरा का आनंद भी ले सकते हैं और पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी भी निभा सकते हैं।

दीपावली को मानवीय कल्याण से जोड़ने का एक व्यावहारिक रास्ता यह भी है कि हम उत्सव की खुशियों को अपने घर की चारदीवारी से बाहर ले जाएँ। किसी जरूरतमंद परिवार के बच्चों के लिए कपड़े और पुस्तकें जुटाना, श्रमिकों को सम्मानपूर्वक उपहार देना, अकेले रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताना और समाज में उपेक्षित लोगों को उत्सव में सहभागी बनाना इस पर्व को वास्तविक विस्तार दे सकता है। आखिर खुशियां जितनी बाँटी जाती हैं, उतनी ही बढ़ती हैं।

दीपावली का संदेश किसी एक रात तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राम की कथा हमें मर्यादा का महत्व बताती है, कृष्ण का आख्यान अन्याय के प्रतिरोध की प्रेरणा देता है, महावीर का निर्वाण आत्मिक मुक्ति की राह दिखाता है, लक्ष्मी समृद्धि का बोध कराती हैं और गणेश विवेक की अनिवार्यता समझाते हैं तो नन्हे दीपक किलो अपनी समर्थ अनुसार समाज को प्रकाशित करने का संदेश देती है इन सबको जोड़ने वाला एक ही सूत्र है—मनुष्य अपने जीवन को दूसरों के लिए भी उपयोगी बनाए। जैसे अकेले जलने वाले दीपक का ज्यादा महत्व नहीं हो सकता वैसे ही केवल अपने लिए जीने वाले मनुष्य का भी महत्व देश या समाज के लिए अधिक नहीं होता। कह सकते हैं कि दीपावली व्यष्टि नहीं समष्टि के कल्याण का पर्व है।

इसलिए इस दीपावली केवल घरों में दीप जलाने के संकल्प सहित व्यवहार में भी  बदलाव लाने का प्रयास करें। धन कमाएँ, लेकिन ईमानदारी से; उत्सव मनाएँ, लेकिन प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना; खुशियां मनाएँ, लेकिन किसी वंचित की उदासी को अनदेखा किए बिना।

दीपावली की असली सफलता तब होगी जब अमावस्या की रात के दीप बुझ जाने के बाद भी हमारे भीतर संवेदना, विवेक और सद्भाव की लौ जलती रहे। यही प्रकाश पर्व की परंपरा का सम्मान और उसके भविष्य की सबसे सुंदर कल्पना है।



डॉ. घनश्याम बादल

215, पुष्परचना कुंज,

गोविंद नगर पूर्वाबली

रुड़की - उत्तराखंड - 247667

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नवंबर 2026, अंक 77

  शब्द-सृष्टि नवंबर 2026, अंक 77 परामर्शक [प्रो. हसमुख परमार] की ओर से.... – प्रस्तुत अंक : दीपोत्सवी भेंट... संपादकीय – दीपावली – ‘घर वाप...